हॉकी वाली सरपंच के नाम से प्रसिद्ध नीरु यादव
हॉकी के मैदान से सरपंची तक नीरू यादव ने बदल दी गांव की पहचान!
जिस नीरू यादव को 5 साल पहले सरपंच बनने से पहले बहुत कम लोग जानते थे, आज वही नीरू यादव देश ही नहीं, विदेशों तक “हॉकी वाली सरपंच” के नाम से पहचानी जाती हैं।

ग्राम पंचायत लांबी अहीर, झुंझुनू (राजस्थान) की सरपंच नीरू यादव जी का आज सरपंच के रूप में कार्यकाल पूरा हो गया। लेकिन इन पाँच वर्षों में उन्होंने सिर्फ एक पद नहीं संभाला, बल्कि अपने काम से पूरे गांव की पहचान को एक नई ऊंचाई दी।
एक बेटी ने हॉकी के मैदान से शुरुआत की, फिर गांव की जिम्मेदारी संभाली और सरपंच बनकर ऐसा काम किया कि लांबी अहीर गांव का नाम देश-दुनिया तक पहुंच गया।
जिस गांव को पहले बहुत कम लोग जानते थे, आज उसी गांव की चर्चा “हॉकी वाली सरपंच नीरू यादव” के साथ होती है। गांव के विकास से लेकर बेटियों को हॉकी के लिए सुविधाएं और अवसर देने तक, नीरू यादव ने अपनी अलग कार्यशैली की पहचान बनाई।
पांच साल की सरपंची में नीरू यादव ने साबित कर दिया कि अगर सोच बड़ी हो और इरादे मजबूत हों, तो एक बेटी सिर्फ अपना नहीं, बल्कि पूरे गांव का नाम रोशन कर सकती है।
आज उनका सरपंची का कार्यकाल समाप्त हुआ है, लेकिन “हॉकी वाली सरपंच” के नाम से बनाई गई पहचान और गांव के लिए किए गए काम लंबे समय तक याद किए जाएंगे।
नीरू यादव ने क्षेत्र में बर्तन बैंक खुलवाकर ग्राम पंचायत को प्लास्टिक मुक्त करने की पहल की। ग्रामीण महिलाओं से पुराने कपड़ों के थैले बनवाकर महिलाओं को सशक्त बनाया। नीरू यादव ने पर्यावरण को बढ़ावा देने के लिए विवाह पर कन्यादान के रूप में पेड़ देकर नई मुहिम की शुरू की। वो मेरा पेड़-मेरा दोस्त मुहिम के तहत सरकारी स्कूलों में 21000 पौधे फ्री बांट चुकी है।
नीरू यादव जी को सरपंच के रूप में सफल कार्यकाल पूरा करने पर “बात जनता की” ओर से हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए ढेरों शुभकामनाएं ।